बड़सर (हमीरपुर)। अखिल भारतीय स्तर पर मनाए जा रहे संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में श्रीविश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय चकमोह के भाषा विभाग हमीरपुर के सौजन्य से संस्कृत समारोह का आयोजन शनिवार को किया गया। समारोह के मुख्यातिथि मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा रहे। समारोह की अध्यक्षता जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने की। इस दौरान संस्कृत विद्वान रत्न चंद शास्त्री को संस्कृत सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। अनेक प्रतिष्ठित विद्वानों और गण्यमान्य महानुभावों ने भाग लिया। इससे पूर्व समारोह के मुख्यातिथि एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा ने ज्योति प्रज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन का पर्व भारत वर्ष में संस्कृत दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
रक्षा बंधन से तीन दिन पहले और तीन दिन बाद तक भारत सरकार की ओर से संस्कृत सप्ताह घोषित किया गया है। संस्कृत सप्ताह में संस्कृत के प्रचार-प्रसार से संबधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्राचार्य ओमदत्त सरोच ने मुख्यातिथि और अन्य गण्यमान्यों का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर श्लोकोच्चारण, गीतिका और सूत्र अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को भाषा विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देश बंधू शर्मा, धनी राम संगर, वीरेंद्र शर्मा, प्रीतम शास्त्री, विक्कू राम शर्मा सहित अन्य प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित रहे।