हमीरपुर। उपायुक्त डॉ. रिचा वर्मा ने बुधवार को स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण अभियान के तहत स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वच्छता रथ के माध्यम से हमीरपुर जिले के सभी छह ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय ने इस वर्ष स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत गांव की स्वच्छता का आकलन करने के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2018 अभियान शुरू किया है। जो पूरे देश में एक से 31 अगस्त तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2018 का मुख्य उद्देश्य धरातल पर स्वच्छता का सर्वेक्षण करना है। इसमें सार्वजनिक स्थान, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, बाजार, धार्मिक स्थल जहां पर स्वच्छता अभियान लागू किया गया है, उन स्थानों का सर्वेक्षण व मूल्यांकन कमेटी करेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2018 में 698 जिलों के 6980 गांवों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें 34980 चिह्नित स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान निरीक्षण कमेटी पंचायत प्रधान, सचिव, स्वच्छता दूत, वार्ड सदस्य, निगरानी समिति, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्कूल अध्यापक व गांव की जनता की प्रतिक्रिया लेगी। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी डीआरडीए डॉ. सुनील चंदेल उपस्थित रहे।