हमीरपुर।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने जिला भर के सिविल सप्लाई गोदामों से खाद्य पदार्थों के 15 सैंपल भरे हैं। विभाग ने खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। जांच के बाद रिपोर्ट आने पर ही विभाग कार्रवाई करेगा। अगर जांच में नमूने फेल पाए जाते हैं तो संबंधित गोदाम के संचालक पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीते माह के भरे दस सैंपल की रिपोर्ट विभाग के पास आ गई हैं। इनमें से कोई भी सैंपल फेल नहीं हुआ है। मई माह में विभाग ने जिला के सिविल सप्लाई गोदामों से आटा, गेहूं, चावल और दालों के सैंपल भरे हैं।
विभाग के निरीक्षकों ने सिविल सप्लाई गोदामों में औचक निरीक्षण कर इन खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। कई जगहों से विभाग को सही गुणवत्ता का राशन न मिलने की शिकायतें मिली हैं। इस आधार पर विभाग के निरीक्षकों ने संबंधित गोदामों से सैंपल भरे हैं। कई गोदामों में विभाग के निरीक्षकों ने औचक निरीक्षण किया है।
उपायुक्त हमीरपुर डॉ. ऋचा वर्मा ने भी विभागीय अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के निरंतर सैंपल भरने के निर्देश दिए हैं। इस पर विभागीय अधिकारी समय-समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भर रहे हैं। इस संबंध में डीएफएससी हमीरपुर नरेंद्र धीमान का कहना है कि निरीक्षकों ने जिला के गोदामों से खाद्य पदार्थों के 15 सैंपल भरे हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारी समय समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भर रहे हैं।