अमर उजाला ब्यूरो
बिझड़ी (हमीरपुर)।
उपमंडल बड़सर की बाड़ा से धंगोटा वाया खलौत बल्ला सड़क की टारिंग डेढ़ माह के भीतर ही उखड़ गई है। टारिंग उखड़ने के कारण सड़क की हालत खस्ता हो गई है। सड़क कई स्थानों से गड्ढों में तबदील हो गई है। लोगों ने विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया है। लोगों ने ठेकेदार पर उचित गुणवत्ता वाला मैटीरियल उपयोग न करने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों कैप्टन अमी चंद, दयाराम, सरवण सिंह, अमर सिंह, अशोक कुमार, विनोद कुमार, रत्न चंद, अजमेर सिंह, राजेश कुमार, सुभाष चंद, विपन कुमार का कहना है कि ठेकेदार द्वारा टारिंग करते समय घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
इस वजह से इस सड़क की टारिंग कुछ ही दिनों में उखड़ गई है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग बड़सर से ठेकेदार द्वारा की टारिंग की गुणवत्ता की जांच करके दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस सड़क को विभाग व सरकार से बार-बार अनुरोध करके पक्का करवाया है। अब टारिंग के उखड़ने से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों ने विभाग को चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही सड़क की मरम्मत दोबारा नहीं की गई तो विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस संदर्भ में लोनिवि बड़सर के सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल का कहना है कि कई बार टारिंग मिक्सर खराब आता है। जिस वजह से सड़क उखड़ सकती है। संबंधित ठेकेदार से इस सड़क मार्ग की मरम्मत करवा दी जाएगी।