हमीरपुर। भाजपा राष्ष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बुधवार को गांधी चौक हमीरपुर में होने वाले चुनावी रैली को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रैली से 24 घंटे पहले ही पुलिस के 200 से अधिक जवान शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिए गए हैं।
दिल्ली से भी खुफिया जांच एवं सुरक्षा एजेंसियों के अफसरों ने शहर में डेरा डाल दिया है। मंगलवार को दिनभर दिल्ली से आए सुरक्षा विशेषज्ञों ने जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ रैली स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए पुलिस ने अमित शाह की रैली से छह घंटा पहले जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक प्लान बदल लिया है। शहर में ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहेगा। शिमला से धर्मशाला और धर्मशाला से शिमला जाने वाली बसों समेत अन्य वाहनों के लिए पक्का भरो के समीप बाईपास की व्यवस्था की गई है। सुबह आठ बजे से सायं साढ़े तीन बजे तक हमीरपुर बस स्टैंड पर कोई सरकारी व निजी बस नहीं आएगी। बसों को होटल हमीरपुर और भोटा चौक के समीप यात्रियों को उतारने और चढ़ाने की व्यवस्था की गई है। दोपहर दो बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गांधी चौक हमीरपुर पर भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर के पक्ष में चुनावी रैली करेंगे। वह हेलीकॉप्टर से एनआईटी मैदान में उतरेंगे और उसके बाद बुलेट फ्रूफ गाड़ियों और जेड सुरक्षा के बीच गांधी चौक पहुंचेंगे। तीन बजे वह हमीरपुर से प्रस्थान करेंगे।
ट्रैफिक प्लान में बदलाव: मीणा
पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कहा कि अमित शाह बुधवार दोपहर दो बजे गांधी चौक पर चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके लिए 200 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया गया है। शहर में सुबह आठ बजे से सायं साढ़े तीन बजे तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। शहर में बहुमंजिला भवनों की छतों, बरामदे और सीढ़ियों समेत बालकॉनी पर किसी भी व्यक्ति को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।