बेटियां समाज और मानवता की अमूल्य धरोहर होती हैं। अपनी समावेशी सोच, चुनौतियों को स्वीकारने और चुनौतियों में नए अवसर तलाशने की अद्भुत कला से इन्होंने समाज व मानवता को सदैव जीवंत एवं गतिमान बनाए रखा है। यह शब्द सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहे। विकास खंड सुजानपुर की 22 पंचायतों व स्थानीय नगर परिषद से विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 69 चैंपियन बेटियों के लिए सुजानपुर के चौगान में प्रेरक संवाद व सम्मान समारोह आयोजित किया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित किया। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिनी मैराथन रन फॉर डॉटर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मिनी मैराथन के पुरुष वर्ग में अभिनव कुमार, अखिलेश कुमार और रोहित कुमार क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में ऋषिका, मीनाक्षी और कनिका ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।