भोरंज (हमीरपुर)। थाना भोरंज के तहत पीएनबी वन एप अपडेट के नाम पर एक व्यक्ति से 6,23,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई। पीड़ित की ओर से थाना भोरंज में शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल आई।
कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और पीएनबी वन एप अपडेट करने की बात कही। एप को अपडेट करने के लिए शातिर ने शिकायतकर्ता को एपीके फाइल डाउनलोड करने का झासा दिया। जैसे ही एपीके फाइल डाउनलोड हुई तो शिकायतकर्ता ने अपने फोन से एक्सेस शातिर को दिया। शातिर ने करीब 6,23,000 रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित ने पुलिस से न्याय की मांग की है। इससे पहले बीते दिन भी पीएनबी वन एप अपडेट करने के नाम पर शातिर ने एक व्यक्ति से 6,86,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की है।
एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को सजग रहने की जरूरत है। वे किसी भी अनजान कॉल, ओटीपी, एटीएम या बैंक से संबंधित जानकारी साझा न करें।