नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग से अंबकेश्वर मंदिर होते हुए एसडीएम कार्यालय तक जाने वाले मार्ग पर किया पैचवर्क महज दो दिन में ही उखड़ना शुरू हो गया है। नपं ने 2 दिन पहले ही सड़क की मरम्मत सहित एक नाली को ठीक करने का कार्य किया। इस कार्य के कई हिस्सों से सीमेंट निकलना शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि इस स्थल पर नगर पंचायत की ओर से किया गया मरम्मत कार्य तय मापदंडों के अनुसार नहीं किया गया और 2 दिनों के भीतर ही उपरोक्त स्थल से सीमेंट और बजरी निकलना शुरू हो गई।
इस सड़क के कुछ भाग को क्षतिग्रस्त हुए करीब 2 साल बीत गए हैं, परंतु नगर पंचायत ने इस गली में पैचवर्क नहीं किया। लोगों के कड़े विरोध के चलते दो दिन पहले ही आनन-फानन में नगर पंचायत नादौन ने इस मुख्य सड़क का मरम्मत कार्य किया। लेकिन, तय मापदंडों के अनुसार मरम्मत कार्य न होने से सीमेंट उखड़ना शुरू हो गया है। लोगों में भगत राम, बलवीर सिंह, दीपक, किशोर, नवीन, पुरुषोत्तम ने मांग की है कि इस सड़क के मरम्मत कार्य की जांच होनी चाहिए। उधर, उपमंडल अधिकारी नादौन दिले राम धीमान ने बताया कि इस संबंध में नादौन नगर पंचायत के अधिकारियों व प्रतिनिधियों से बात की जाएगी।