नादौन (हमीरपुर)। खालसा गेट के पास अस्पताल रोड किनारे बेतरतीब खड़े रहने वाले वाहन रास्ते में रुकावट पैदा करते हैं। यह रास्ता सिविल अस्पताल नादौन की ओर जाने का एकमात्र रास्ता है, लेकिन यहां खड़े वाहन 108 एंबुलेंस को जाने तथा आने में बाधा उत्पन्न करते हैं। इससे रोगियों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है। वहीं, यह बेतरतीब खड़े वाहन लोगों की आवाजाही के लिए परेशानी का सबब बने हैं। है। जिससे कभी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
लोगों का कहना है कि इस स्थल पर सुबह सवेरे पहले तो कई ट्रैक्टर जिनके पीछे मिक्सर मशीनें बंधी होती हैं, प्रवासी मजदूरों की तलाश में खड़े रहते हैं। इस कारण रास्ता अवरुद्ध हो जाता है और पास ही बने केंद्रीय विद्यालय में पहुंचने वाले बच्चों के लिए खतरा बने रहते हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि नादौन पुलिस को इस बारे में आदेश दिए गए हैं कि कानून का उल्लंघन करने वाले ऐसे वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।