भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल में बीते छह माह से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब पड़ी है। इससे उपमंडल की 33 पंचायतों सहित अन्य क्षेत्र के लोगों को हमीरपुर या प्राइवेट अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लोगों ने कई बार इस मशीन को ठीक करवाने की गुहार स्वास्थ्य विभाग से लगाई है लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र की जनता में रोष पनप रहा है।
भोरंज सिविल अस्पताल में पिछले 6 माह से पुरानी मशीन खराब पड़ी है। जिस वजह से यहां पर अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। इससे पहले अस्पताल में महीने में दो बार अल्ट्रासाउंड हुआ करते थे लेकिन, जब से यह मशीन खराब हुई है तो यहां के लोगों को इस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों में रमेश कुमार, सुरेश, विनोद, रजिंद्र, कपिल, राजकुमार आदि का कहना है कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पिछले 6 माह से इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए लोगों को करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर हमीरपुर जाना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द भोरंज अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन को बदला जाए और इसके स्थान पर नई मशीन लगाई जाए। करीब 4 माह पहले रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी इस समस्या का प्रस्ताव डालकर आगे भेजा गया था लेकिन, इस पर अभी तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इस संदर्भ में बीएमओ भोरंज डा. ललित कालिया का कहना है कि समस्या को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा गया है। जैसे ही मशीन आएगी, यहां पर अल्ट्रासाउंड सुविधा सुचारु कर दी जाएगी।