नादौन (हमीरपुर)। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशों पर नादौन क्षेत्र में पहुंचे प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने क्षेत्र की नदियों और खड्डों में फैल रहे प्रदूषण का जायजा लिया। इस टीम में धर्मशाला से पहुंचे वैज्ञानिक अमित पठानिया, ऊना से क्षेत्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिशाषी अभियंता एसके धीमान, जेई राहुल शर्मा सहित कई विभागों से जुड़े अन्य विशेषज्ञों ने छानबीन की। इन अधिकारियों ने नगर पंचायत नादौन, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी साथ लेकर नदियों, खड्डों में गिर रहे गंदे पानी का निरीक्षण किया।
वहीं निरीक्षण किया गया कि कहीं उद्योगों से निकल रहे प्रदूषण युक्त पानी को सीधे तौर पर नदियों तथा खड्डों में तो नहीं छोड़ा जा रहा। गत दिनों एनजीटी ने प्रदेश में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों जो खड्डों तथा दरिया के पानी से 100 मीटर के दायरे में चल रहे हैं, उन्हें बंद करने के आदेश दिए हैं। जिसके चलते इन अधिकारियों ने क्षेत्र भर के ऐसे उद्योगों का जायजा लिया। वैज्ञानिक अमित पठानिया ने बताया कि एनजीटी के आदेशों के बाद प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों पर जांच करके इस बारे में रिपोर्ट तैयार करके सरकार को भेजी जाएगी।