हमीरपुर। पौंग बांध की खूबसूरती को पिछले छह माह में 30 हजार सैलानियों ने निहारा है। पौंग एरिया में पर्यटकों की पहली बार गणना की जा रही है। इससे पूर्व पौंग एरिया में पर्यटकों की गणना नहीं की जाती थी। विभाग के मुताबिक आगामी माह में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। पौंग एरिया में इस वर्ष जुलाई माह से पर्यटकों की गणना करने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इससे पूर्व पौंग एरिया में एक वर्ष में कितने पर्यटक पहुंचे, इसका कोई आंकड़ा नहीं है। इस वर्ष विभाग ने नई मुहिम शुरू की है। वन्य प्राणी विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले छह माह में पौंग एरिया में अभी तक 30 हजार पर्यटक पहुंच चुके हैं।
पौंग एरिया में काफी संख्या में विदेशी परिंदे पहुंचते हैं। जिन्हें देखने के लिए देश और विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो, इसके लिए विभाग ने पौंग एरिया में बेहतर इंतजाम किए हैं। इसके साथ ही विदेशी परिंदों के संरक्षण के लिए चार सीसीटीवी कैमरे और 20 से 25 कर्मचारी तैनात किए हैं। इस संबंध में वन्य जीव विभाग मंडल हमीरपुर के डीएफओ कृष्ण कुमार ने कहा कि अनुमानित गणना के मुताबिक अब तक पौंग एरिया में 30 हजार पर्यटक पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी और फरवरी माह में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो, इसके लिए प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।