सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के जंगलबैरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में उन्होंने सालभर विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले पाठशाला के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया। धूमल ने ऐतिहासिक गांव जंगल की वीरभूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि दुनिया का एकमात्र गांव जंगल है जहां से प्रथम विश्वयुद्ध में इकट्ठे बारह लोग शहीद हुए थे। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनकी शहादत को प्रणाम किया।
वर्ष 1928 में जंगलबैरी में प्राइमरी स्कूल शुरू हुआ तथा वर्ष 1960 में हाई स्कूल बना और 1995 में वरिष्ठ माध्यमिक हुआ। धूमल ने कहा कि आज इस स्कूल के वार्षिकोत्सव में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। इससे पूर्व प्रधानाचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और उपलब्धियां बताईं। धूमल ने आग्रह किया कि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सब सहयोग करें। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रणजीत सिंह, राकेश ठाकुर, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावकों सहित स्थानीय लोग व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।