हमीरपुर। एलपीजी वितरक बनाने को लेकर प्रदेश में लोगों से धोखाधड़ी का सिलसिला जारी है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के अनुसार कुछ अज्ञात व्यक्तियों/एजेंसियों की ओर से नकली वेबसाइट बनाकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं बारे में झूठी पेशकश कर, नकली ई-मेल आईडी एवं वेबसाइटों से लोगों को गुमराह करके धन इकट्ठा करने के मामले सामने आ रहे हैं। इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर अक्षिंद्र कुमार ने कहा है कि संपूर्ण देश में एलपीजी के वितरकों की नियुक्ति एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप खोलने की एक उत्कृष्ट रूप से स्थापित चयनित प्रक्रिया है तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की निर्धारित प्रक्रिया है।
उन्होंने जनता से आग्रह किया है कि वह किसी भी अज्ञात या नकली ई-मेल आईडी और वेबसाइटों के बहकावे में न आएं। ऐसी घटना के सामने आने पर पीड़ित व्यक्ति पुलिस की साइबर क्राइम शाखा के पास जाकर शिकायत दर्ज करवा सकता है। उन्होंने कहा कि तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) इन नकली ई-मेल आईडी और वेबसाइटों से किसी भी राशि के भुगतान और लेन-देन के लिए किसी भी रूप से जिम्मेवार नहीं होंगी। उन्होंने तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) के माध्यम से जनता को सचेत करते हुए कहा कि ऐसी वेबसाइटों पर ऑनलाइन प्रतिक्रिया के रूप में महत्वपूर्ण व्यक्तिगत जानकारी देना जोखिम भरा हो सकता है। जिसका दुरुपयोग आपको वित्तीय और क्षति पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।