हमीरपुर। त्योहारी सीजन में हमीरपुर शहर अतिक्रमण ने बुरी तरह से जकड़ लिया है। शहर की डबललेन सड़क पर स्कूटर लेकर चलना भी मुश्किल हो गया है। दुकानदारों ने सड़क पर पलंग रखकर दुकानदारी सजा दी है। लेकिन, इस अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। जिससे खासकर राहगीरों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के प्रति गहरा रोष जताया है।
दो सप्ताह पूर्व एसडीएम हमीरपुर शिल्पी बेक्टा शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए एसचओ संजीव गौतम और नगर परिषद के जेई अश्वनी कुमार समेत काफी संख्या में नगर परिषद के कर्मचारियों को लेकर शहर में पहुंचीं लेकिन, दुकानदारों के विरोध के बाद सारी कार्रवाई बंद हो गई। अतिक्रमण हटाने आई पूरी टीम अपनी फजीहत करवाने के बाद मौके से चली गई। इसी बात का फायदा उठाते हुए अब शहर के सभी कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। दुकानदारों ने अब सरेआम दिनदहाड़े सड़कों पर दुकानदारी सजा ली है। कार्रवाई न होने से जहां दुकानदार खुश हैं, वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है। स्थानीय लोगों में विवेक पठानिया, सुनील शर्मा, संजय कुमार, राकेश कुमार, बनीता शर्मा, सीमा ठाकुर, पुष्पा देवी, बीना देवी, रवि कुमार और सुशील ठाकुर ने जिला प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र कार्रवाई न हुई तो हमीर उत्सव में मुख्यमंत्री के सामने शहर में अतिक्रमण की समस्या को उठाया जाएगा। उधर, एसडीएम हमीरपुर शिल्पी बेक्टा ने कहा कि नगर परिषद को अतिक्रमण हटाने के बारे में निर्देश जारी किए जाएंगे।