भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय उच्च पाठशाला धमरोल में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक कमलेश कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्याध्यापक सहित लोक निर्माण विभाग भोरंज के सहायक अभियंता अमर नाथ भाटिया उपस्थित रहे।
विधायक ने समारोह में पुरुषोत्तम लाल मेहर को उनके द्वारा किए गए भू-दान के लिए शाल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्याध्यापक सुरेश शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। समारोह के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। बच्चों ने देश मेरा रंगीली, रंग दे बसंती, गिद्दा और पहाड़ी नाटी प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। मुख्यातिथि ने स्कूल में विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी छात्रों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मंडल महामंत्री अशोक ठाकुर, विजय, विपन, चुन्नी लाल, संजय, ज्ञान चंद आदि मौजूद रहेे।