हमीरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में ग्यारहवीं और बारहवीं के दाखिले बंद हो गए हैं। अब अगस्त माह से बिना किसी रुकावट के स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू होगी। विभाग ने 20 जुलाई तक दाखिले की अंतिम तिथि को बढ़ाया था। इससे पहले विभाग ने 20 जून तक दाखिला लेने की तिथि रखी थी लेकिन, विभाग ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस तिथि को बढ़ाया था। स्कूलों में दाखिले की वजह से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
सरकारी स्कूलों में अप्रैल माह से दाखिले शुरू हो गए थे। अधिकतर बच्चों ने स्कूल में दाखिला ले भी लिया है लेकिन, कुछ बच्चे किसी कारण बस दाखिला नहीं ले पाए थे। इसलिए इन बच्चों के लिए विभाग ने 20 जून दाखिला लेने की तिथि निर्धारित की थी लेकिन, इसके बाद भी विभाग ने इस तिथि को और बढ़ा दिया और 20 जुलाई कर दिया। स्कूल में देरी से दाखिला लेने के लिए बच्चों को अतिरिक्त फीस देनी पड़ी है। अब स्कूलों में पूर्ण रूप से दाखिले बंद कर दिए गए हैं। स्कूलों में अप्रैल माह से इन कक्षाओं की पढ़ाई शुरू हो गई है। जिन बच्चों ने कुछ दिन पहले ही दाखिला लिया है उनकी पढ़ाई अन्य बच्चों से पिछड़ गई है। इसके साथ ही इन बच्चों की पढ़ाई को कवर करने के लिए अध्यापकों को दोबारा से शुरू पढ़ाना पड़ रहा है। इस संबंध में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर सोमदत्त सांख्यान का कहना है कि 20 जुलाई तक ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में दाखिला लेने की अंतिम तिथि रखी गई थी। स्कूलों में अब दाखिले बंद कर दिए हैं।