हमीरपुर। जिले में अब खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से निर्धारित रूटों पर ही गैस एजेंसियां घरेलू गैस की सप्लाई भेजेंगी। खाद्य आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले में मौजूद छह गैस एजेंसियों के लिए रूट चार्ट जारी किया है। इस पर जिला प्रशासन ने भी मोहर लगा दी है। अब गैस एजेंसियां अपने समय और रूट अनुसार सप्लाई नहीं भेज सकेंगी। एजेंसी धारकों को विभागीय रूटों और समयानुसार गैस की गाड़ियां भेजनी पडे़ंगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। एजेंसी धारक पूर्व में अपने समय और रूट पर कई बार गैस की सप्लाई नहीं भेजते थे। ऐसे में उपभोक्ता महीना भर गैस सप्लाई की गाड़ी का इंतजार करते नजर आते थे।
इससे उपभोक्ताओं को परेशानी के साथ-साथ समय का नुकसान भी होता है। इन सभी झंझटों से छुटकारा दिलाने के लिए अब खाद्य आपूर्ति विभाग ने एजेंसी धारकों के लिए रूट चार्ट निर्धारित किया है। अगर कोई एजेंसी धारक निर्धारित रूट और समय पर गैस की सप्लाई नहीं भेजेगा तो विभाग और जिला प्रशासन उक्त एजेंसी धारक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करेगा। एजेंसी धारक को घरेलू गैस की गाड़ी पर लाउड स्पीकर और रूट चार्ट लगाना जरूरी होगा। गैस सप्लाई को जाने वाली गाड़ी संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से तय किए गए रूट और समय बताएगी। इससे उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र में सप्लाई पहुंचने की तिथि और समय का पता चल सकेगा और अगली बार वह उसी समय और दिन गैस की सप्लाई लेने पहुंचेंगे। इस संबंध में डीएफएससी हमीरपुर शिव राम राही का कहना है कि विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए घरेलू गैस की आपूर्ति को रूट चार्ट जारी किया है। गैस एजेंसी धारक को अब विभाग के निर्धारित रूट और समय पर ही गैस की सप्लाई संबंधित क्षेत्र में भेजनी पड़ेगी। इसके साथ ही गैस की गाड़ी में लाउड स्पीकर लगाना जरूरी रहेगा। गैस सप्लाई गाड़ी में मौजूद कर्मचारी लोगों को रूटों के बारे में बताएंगे। इससे उपभोक्ताओं को गैस की सुचारु सप्लाई मिलेगी। अगर कोई गाड़ी निर्धारित रूट पर नहीं जाएगी तो संबंधित गैस एजेंसी धारक पर कार्रवाई की जाएगी।