हमीरपुर। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के 550 डिफाल्टरों के पास बोर्ड के 14.5 लाख रुपये फंसे हुए हैं। डिफाल्टर उपभोक्ता बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर रहे। बोर्ड ने इन डिफाल्टरों से 14.5 लाख रुपये की वसूली करने के लिए 15 जुलाई से पहले बिल का भुगतान के निर्देश दिए हैं। बिल जमा न करवाने पर बोर्ड बिजली कनेक्शन काटने की मुहिम शुरू करेगा। पूर्व में बोर्ड ने बिलों का भुगतान न करने वाले 500 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे थे।
बोर्ड के बार-बार आदेशों के बावजूद यह डिफाल्टर बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। हैं। इनमें कुछ पुराने डिफाल्टर भी शामिल हैं, जिन्होंने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। बोर्ड ने इन डिफाल्टरों से पैसे की रिकवरी करने के लिए मुहिम छेड़ दी है। 15 जुलाई से पहले बिल का भुगतान करने के नोटिस जारी कर दिए हैं। इसके बाद भी बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इस संबंध में बिजली उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता राकेश कुमार वर्मा का कहना है कि 550 डिफाल्टरों ने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। इस कारण बोर्ड इन डिफाल्टरों से 14.5 लाख रुपये का लेनदार हो गया है। इन डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर दिए हैं। अगर यह समय पर बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो इनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगेे। इसके लिए डिफाल्टर खुद जिम्मेवार होंगे।