जाहू (हमीरपुर)। झरलोग पंचायत की ग्राम सभा की बैठक में पंचायत के विकास कार्यों के लिए मनरेगा के तहत 40 लाख रुपये का प्रपोजल तैयार किया गया। ग्राम सभा की बैठक पंचायत प्रधान नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पंचायत के विकास कार्यों का आय-व्यय का लेखा-जोखा ग्राम सभा में प्रस्तुत किया गया। लोगों की सहमति के बाद मनरेगा के लिए करीब 40 लाख रुपये के कार्य डाले गए और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
इस दौरान पंचायत प्रधान नरेश ठाकुर ने कहा कि पंचायत सरकारी योजनाओं के तहत मिल रहे धन का सही उपयोग करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लोगों की सहमति व सहयोग बहुत जरूरी है। प्रधान ने कहा कि पंचायत के प्रत्येक गांव में स्वच्छता को बनाए रखना पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों का भी दायित्व है। इस दौरान पंचायत के उपप्रधान प्रकाश राणा, ब्लॉक समिति सदस्य विजय कुमार, पंचायत प्रतिनिधि सुरजीत सिंह ठाकुर, रक्षा देवी, लेखराज, प्रेम चंद, सोमा देवी, निर्मला देवी, पंचायत सचिव हेम राज, ग्रामीण नंद लाल, राम सिंह, प्रेम सिंह, राज कुमार, मस्त राम, जोगिंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।