हमीरपुर। मुख्य डाकघर हमीरपुर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रथम पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वित्तीय वर्ष 2018-19 में सराहनीय कार्य करने के लिए डाक सेवकों और डाक सहायकों को डाकघर मंडल हमीरपुर प्रवर अधीक्षक भवानी प्रसाद ने सम्मानित किया। इस दौरान डाकघर मंडल हमीरपुर के सहायक अधीक्षक संजीव शर्मा और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के शाखा प्रमुख मोहित शारदा उपस्थित रहे। भवानी प्रसाद ने सभी डाक कर्मचारियों से इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के लाभ जन-जन तक पहुंचाने को कहा।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग ने समय-समय पर समाज की उन्नति के लिए कार्य किया है। भवानी ने कहा कि वह इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक से हर व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की शुरुआत सितंबर 2018 में हुई थी। इसके माध्यम से जन-जन तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में बिना किसी लिखित औपचारिकता के खाता खोला जा सकता है और सभी प्रकार की ऑनलाइन बैंकिंग की जा सकती है। यहां तक कि ग्राहक अपने पोस्ट ऑफिस के आरडी, पीपीएफ और सुकन्या समृद्धि आदि खातों में भी ऑनलाइन पैसे जमा कर सकते हैं।