हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते कुठेड़ा गांव में एक घर की दूसरी मंजिल पर काम कर रहे टाइल मिस्त्री की 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे पेश आया। लोग उसे अस्पताल ले आए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
करतार चंद (42) पुत्र स्वर्गीय घसीटू राम निवासी उबक मिस्त्री का काम करता था। वह मंगलवार को कुठेड़ा गांव के एक घर में टाइलेें लगाने के कार्य में लगा हुआ था। शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह मकान की दूसरी मंजिल पर टाइलें लगा रहा था तो मकान के साथ लगती 11 केवी लाइन की चपेट में आ गया। लोग उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिस्त्री अपने पीछे एक पत्नी व दो बेटे छोड़ गया है। दोनों बेटे पढ़ाई करते हैं। जांच अधिकारी पुलिस थाना सदर से एएसआई कुलवंत का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल का जायजा लिया जाएगा। लोगों के बयान के आधार पर मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।
उधर, एसडीओ बिजली उपमंडल-1 हमीरपुर सुनील भाटिया ने कहा कि इस हादसे की जानकारी व्यक्ति की मौत के काफी देर बाद बिजली बोर्ड को मिली। उन्होंने कहा कि अभी तक मौका नहीं देखा गया है। कहना मुश्किल है कि करंट 11 केवी लाइन से लगा है या घर के अंदर मौजूद बिजली तारों से। उन्होंने कहा कि मौके का मुआयना किया जाएगा।