भोटा (हमीरपुर)। जिला निजी स्कूल संघ हमीरपुर की बैठक रविवार को भोटा में जिलाध्यक्ष देवराज वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें संघ ने न्यूनतम मासिक फीसें निर्धारित कीं। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के सभी निजी स्कूल निर्धारित की गई न्यूनतम फीस से कम फीसें नहीं लेंगे। वहीं, अधिकतम फीसों का निर्णय संघ ने स्कूल प्रबंधकों पर छोड़ा है। इसमें नर्सरी से केजी कक्षा तक न्यूनतम फीस 750 रुपये, प्रथम से तीसरी कक्षा तक न्यूनतम फीस 950 रुपये, चौथी और पांचवीं कक्षा तक न्यूनतम फीस 1000 रुपये, छठी से लेकर आठवीं कक्षा तक न्यूनतम फीस 1050 रुपये, नवमी से लेकर दसवीं कक्षा तक न्यूनतम फीस 1200 रुपये निर्धारित की गई।
जबकि, ग्यारहवीं से बारहवीं कला संकाय की न्यूनतम फीस 1500 रुपये, ग्यारहवीं से बारहवीं कॉमर्स संकाय की न्यूनतम फीस 1800 रुपये और ग्यारहवीं से बारहवीं साइंस संकाय की न्यूनतम फीस 2000 रुपये निर्धारित की गई है। इस दौरान संघ ने निर्णय लिया कि प्रवेश शुल्क नर्सरी, प्रथम, छठी, नौवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षाओं से ही लिया जाएगा। अन्य कक्षाओं से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्कूल में बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधा देने के लिए वार्षिक शुल्क अपनी सुविधा के अनुसार ले सकते हैं। बैठक में संघ ने सरकार से मांग उठाई कि निजी स्कूलों की फीसें निर्धारित की जाएं और निजी स्कूलों को आर्थिक तौर पर सहायता प्रदान की जाए। इस अवसर पर महासचिव राजेश ठाकुर, संजीव राणा, राजेश शर्मा, संजीव कुमार, अनिल कुमार, चंद्रशेखर, करतार सिंह चौहान, शक्ति चंद, भागीरथ, कुलदीप धीमान, रविंद्र राणा, दिनेश कुमार, अनूप कुमार आदि उपस्थित रहे।