हमीरपुर। जिले में फैल रहे स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए खंड स्तर पर क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों का आवश्यक स्टॉक भी उपलब्ध करवाया गया है। स्वाइन फ्लू के बचाव के प्रबंधों के लिए मंगलवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह जिले में सभी स्कूलों में प्रार्थना सभाओं के दौरान सभी बच्चों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों एवं उसके बचाव के बारे में जानकारी प्रदान करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू के बारे में लोगों को जागरूक करें। कहा कि जिला प्रशासन स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर मेडिकल कॉलेज में रोगियों के लिए अलग से वार्ड की व्यवस्था की गई है और ऐसे रोगियों की उचित देखभाल भी की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सावित्री कटवाल ने कहा कि जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लक्षण बुखार के साथ बहती नाक, खांसी, गले की खराश, सांस लेने में कठिनाई, जोड़ों और सिर में दर्द, दस्त व उल्टी, थूक के साथ खून आना आदि हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रत्न गौतम, जिला कार्यक्रम अधिकारी तिलक राज आचार्य सहित शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।