हमीरपुर। भोटा-ऊना नेशनल हाईवे पर लठियाणी-बीड़ू के बीच गोबिंद सागर झील पर पुल का निर्माण होगा। इसके लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। लठियाणी और बीड़ू के बीच गोबिंद सागर झील पर पुल का निर्माण होने से भोटा से ऊना की दूरी 18 किलोमीटर कम होगी। इसके साथ ही ईंधन की भी बचत होगी। यह पुल आधा किलोमीटर लंबा होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भोटा-ऊना एनएच पर लठियाणी-बीड़ू के बीच 565 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस पुल पर करीब 80 से 90 करोड़ खर्च आएगा। इसके लिए विभाग ने प्रपोजल तैयार कर ली है। प्रपोजल को स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा गया है। प्रपोजल को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गोबिंद सागर झील पर पुल बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। भोटा या अन्य किसी स्थान से ऊना पहुंचने के लिए लोगों का ज्यादा समय नहीं लगेगा। वर्तमान में भोटा से ऊना पहुंचने के लिए करीब 2 घंटे का समय लग जाता है। इस संबंध में एनएच के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि गोबिंद सागर झील पर पुल के निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है। पुल का निर्माण होने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।