सवा छह करोड़ की सड़क छह माह में उखड़ी, जगह-जगह पड़े गड्ढे
बिझड़ी से उखली 12 किलोमीटर सड़क सुधारने का कार्य ठंडे बस्ते में
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नवंबर 2016 में शुरू हुआ कार्य
दो साल के भीतर संबंधित ठेकेदार को पूरा करना था सड़क का निर्माण कार्य
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री, प्रदेश सरकार और उपायुक्त हमीरपुर को भेजी शिकायत
प्रवीण कुमार
हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग की कोताही से करोड़ों का बजट मिट्टी में मिल रहा है। लेकिन, सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की किसी को कोई फिक्र नहीं। निर्माण कार्य में देरी और घटिया निर्माण कार्य पर लोनिवि ने संबंधित ठेकेदार से जवाब तक तलब नहीं किया। इससे तंग ग्रामीणों ने अब घटिया निर्माण कार्य की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश क्वालिटी कंट्रोल के प्रमुख संजय कुंडू और उपायुक्त हमीरपुर से की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र इस घटिया कार्य पर कोई एक्शन न लिया गया तो वह चक्का जाम करने को मजबूर होंगे।
उपमंडल बसडऱ के ग्रामीणों मदन लाल, सुखदेव, बलवीर सिंह, बालकृष्ण, सुरेंद्र, दिनेश, ओम प्रकाश, समरजीत, मीरा देवी, सुरेंद्र पाल, रोशन लाल, रेणु शर्मा, केसर सिंह, सुशील कुमार, महेंद्र सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते करीब छह करोड़ रुपये बर्बाद हो गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बिझड़ी से उखली 16 किलोमीटर सड़क के उन्नयन का कार्य लोक निर्माण विभाग ने संबंधित ठेकेदार को 17 नवंबर 2016 को सौंपा। टेंडर नियमों के तहत ठेकेदार ने इस कार्य को 16 जून 2018 तक पूरा करना था। इस कार्य के लिए सवा छह करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। करीब छह माह पूर्व ही इस मार्ग पर टारिंग हुई है लेकिन, बिझड़ी-उखली सड़क पर समताना और धंगोटा आदि कस्बों में नई टारिंग उखड़ चुकी है। सड़क पर बजरी फैली हुई। जगह-जगह गड्ढे पड़ चुके हैं। वहीं, 16 किमी का मार्ग निर्धारित समय अवधि में पूरा नहीं हो पाया। इस मामले की शिकायत लोग कई बार लोनिवि से कर चुके हैं लेकिन, विभाग के अधिकारी संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इस तरह के भ्रष्टाचार के कारण सरकार की छवि खराब हो रही है। वहीं, लोनिवि की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस मामले पर संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि इस मार्ग पर बरसात के मौसम में एक मोड़ पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। मार्च माह के बाद गर्मियों में इस मार्ग पर टारिंग वर्क शुरू करवाया जाएगा।