जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने में वरिष्ठ लोगों ने दिखाया रुझान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आयुष्मान योजना का जिले के लाभार्थी भरपूर लाभ उठा रहे हैं। योजना के तहत अब 70 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के लोगों का भी आयुष्मान कार्ड बनना शुरू हो गया है।
जिले में चार माह में 5118 वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है। इन्हें पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। आयुष्मान योजना की शुरुआत 2018 में शुरू हुई है। अब तक जिला में करीब 1,18,714 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
वहीं, 70 और इससे अधिक उम्र वाले वरिष्ठ नागरिकों के भी आयुष्मान कार्ड चार महीने से बनना शुरू हुए हैं। इन चार महीनों में अब तक 5118 वरिष्ठ नागरिकों ने कार्ड बनाए हैं। जिला में आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज के लिए 18 निजी और सरकारी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया। हालांकि पहले यह कार्ड बनाने की सुविधा संस्थागत संस्थानों और लोक मित्र केंद्रों में थी, लेकिन काम में तेजी लाने के लिए आयुष्मान पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में भी कार्ड बनाने की सुविधा मिल रही है।
कोट
- जिला में अब तक 1,18,714 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनमें अब तक 5118 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। हमारी कोशिश है कि सभी पात्रों का आयुष्मान कार्ड बन जाए तथा इसका लाभ मरीज ले सके। कार्ड के माध्यम से सालाना पांच लाख रुपये तक निशुल्क स्वास्थ्य लाभ दिया जाता है।-प्रवीन चौधरी, सीएमओ हमीरपुर