बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्घ में लगी श्रद्घालुओं की कतारें।
बिझड़ी(हमीरपुर)। बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शुरु हुए चैत्र माह के अंतिम रविवार को श्रद्धालुओं का काफी भीड़ लगा रहा। शनिवार और रविवार दो दिनों में बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में 50,000 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। चैत्र माह के मेला को समाप्त होने के लिए कुछ ही दिन बचे हैं। इसके चलते पंजाब के हजारों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंच रहे हैं। रविवार को हजारों श्रद्धालु कतार में खड़े रहे और दिनभर श्रद्धालुओं के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए ठहरने के लिए बनाए गए सराय भवन जिनमें निजी सरायेें भी शामिल हैं पूरी तरह बुक रहीं। इसके साथ निजी होटलों में भी श्रद्धालुओं को कमरे नहीं मिल पा रहे थे।
क्योंकि सब कुछ शनिवार से पहले ही बुक हो चुका था। शाहतलाई से लेकर बाबा बालकनाथ मंदिर तक पांच किलोमीटर के दायरे में सड़क किनारे खड़े पैदल श्रद्धालु काफी संख्या में बाबा बालकनाथ मंदिर के पवित्र गुफा में दर्शन के लिए जाते रहे।
इस संदर्भ में एसडीएम बड़सर शशिपाल शर्मा ने कहा कि दो दिनों में करीब 50,000 श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। अधिकतर श्रद्धालु पंजाब से पहुंचे और इनके लिए प्रशासन ट्रस्ट की तरफ से सुविधाओं की कोई कमी नहीं रखी गई। रविवार के दिन हुई गणना में सबसे अधिक चढ़ावा अब तक हर रोज हुए चढ़ावे की गणना में सबसे अधिक 31,75,995 रुपये अर्जित किया गया। सोना नौ ग्राम, चांदी 96 ग्राम, इंग्लैंड पौंड 620, अमेरिकी डॉलर का 57, यूरो 36, कनाडा डॉलर 370, कतर रियाल 131 और यूएई की 10 डॉलर प्राप्त हुए।