बिजली गुल होने के बाद नहीं होगी समस्या
जनरेटर से जुड़ेगा अस्पताल का हर कोना
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में शीघ्र 500 केवी का जनरेटर लगाया जाएगा। इसके साथ पूरे अस्पताल के क्षेत्र को जोड़ा जाएगा। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर प्रबंधन ने इसके लिए इलेक्ट्रिकल विंग ऑफ पीडब्ल्यूडी के पास छह माह पहले 75 लाख रुपये की राशि भी जमा करवा दी है लेकिन आचार संहिता के कारण अभी तक यह जनरेटर स्थापित नहीं किया जा सका है। आजकल बार-बार बिजली कट लग रहे हैं जिससे अस्पताल में समस्या उत्पन्न हो रही है। इसी समस्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दोबारा इलेक्ट्रिकल विंग ऑफ पीडब्ल्यूडी को शीघ्र जनेरटर को स्थापित करने के लिए कहा है।
इलेक्ट्रिकल विंग ऑफ पीडब्ल्यूडी के अधिकारी जिला ऊना में बैठते हैं। अधिकारियों ने आचार संहिता हटने के बाद इस जनरेटर को लगाने का आश्वासन दिया है। जनरेटर लगने से अस्पताल में चिकित्सकों और मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में बिजली गुल होने पर एक्सरे, सीटी स्कैन आदि सब टेस्ट रुक जाते हैं। कर्मचारियों का कामकाज भी ठप पड़ जाता है। इसी समस्या को देखते हुए जनरेटर लगाया जाएगा। इसके बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती नेे कहा कि अस्पताल में 500 केवी का जनरेटर लगाने के लिए इलेक्ट्रिकल विंग ऑफ पीडब्ल्यूडी को छह माह पूर्व करीब 75 लाख रुपये की राशि जमा करवा दी गई है।