हमीरपुर। जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सोमवार को छह स्कूलों में एक दिवसीय ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक स्तर के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, वॉलीबाल और कबड्डी के ट्रायल दिए।
इस एक दिवसीय ट्रायल में छह ब्लॉकों की 453 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। ट्रायल में प्रत्येक ब्लॉक से बैडमिंटन में पांच-पांच, कबड्डी में 12-12 और वॉलीबाल में 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जबकि खो-खो प्रतिस्पर्धा में खिलाड़ी सीधा जिला स्तर पर भाग लेंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता छह से आठ अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा में आयोजित होगी। भोरंज ब्लॉक के ट्रायल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहू में हुए। इसमें 77 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सुजानपुर ब्लॉक के ट्रायल पटलांदर में हुए, जिसमें 50, हमीरपुर ब्लॉक के ट्रायल कुठेड़ा में हुए, जिसमें 70 खिलाड़ियों, नादौन ब्लॉक के ट्रायल रैल में हुए, जिसमें 110 खिलाड़ियों, बिझड़ी ब्लॉक के ट्रायल बिझड़ी में हुए, जिसमें 108 खिलाड़ियों और टौणी देवी ब्लॉक के ट्रायल बोहणी स्कूल में हुए, जिसमें 38 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कोट
अंडर-19 ब्लॉक स्तर पर छात्रा बैडमिंटन, वॉलीबाल और कबड्डी प्रतियोगिता के लिए ट्रायल लिए गए, जिसमें छह ब्लॉकों से 453 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में चयनित खिलाड़ी जिला स्तर पर भाग लेंगे।
-राजेंद्र, एडीपीओ, उच्च शिक्षा विभाग, हमीरपुर
अंडर-19 जिला स्तरीय छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के लिए बिझड़ी में कबड्डी का ट्रायल देती छात्राएं।