उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासां में पिछले 10-15 सालों तक बीपीएल का लाभ ले चुके परिवारों के नाम गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवन-यापन कर रहे परिवारों की सूची से काटे गए हैं। कई ग्रामीण परिवारों के बच्चे जो प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे हैं या बीपीएल परिवार मनरेगा में दिहाड़ी नहीं करते या जिन्होंने अपनी भूमि बंजर छोड़ रखी है और यहां तक कि बीपीएल में कई साल तक लाभ ले चुके हैं। ऐसे 42 परिवारों का नाम शनिवार को हुई ग्राम सभा में बीपीएल सूचि से काट दिया गया। पंचायत की ग्राम सभा प्रधान रेखा ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। ग्राम सभा में अपात्र लोगों को हटाकर बीपीएल में पात्र गरीब परिवारों का चयन किया गया।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जो परिवार बीपीएल का लाभ ले चुके हैं और 10 से 15 सालों से बीपीएल का लाभ ले रहा है, उनका नाम सूची से हटा दिया जाए। उनकी जगह नए 42 गरीब परिवारों को बीपीएल सूची में डाला जाए। इस अवसर पर कई ग्रामीणों ने खुद ही अपना नाम बीपीएल सूची से कटवाया। पंचायत प्रधान का कहना है कि ग्राम सभा में बीपीएल सूची से लाभ ले चुके 42 लोगों के नाम काटे गए हैं। इनकी जगह नए लोगों का डाला गया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीब परिवार गलती से कट गया हो तो उसकी समीक्षा की जाएगी।