भोरंज (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल भोटा के तहत पड़ते खरबाड़ फीडर में तकनीकी खराबी आने के कारण एक दर्जन गांवों के लोगों ने बिना बिजली के 48 घंटे बिताए हैं। दो दिन दर्जन भर गांवों में बिजली गुल रही। रविवार को शाम 3 बजे के बाद बिजली बहाल हो पाई है। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
खरबाड़ फीडर के अंतर्गत पड़ते गांवों खतरबाड़, पैंजवी, पिदड़ता, बैहडवीं, सुलखान, बडयाणा, लठवाण, बगेड़ा आदि गांवों में बिजली न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों में सोनू, दलीप, श्याम लाल, ज्ञान चंद, गुलशन कुमार, राजेश, कमला, विमला आदि ने कहा कि दो दिन से बिजली न होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से बच्चे ठीक ढंग से पढ़ भी नहीं पाए। बैटरियों के सहारे ही रात गुजारनी पड़ी। वहीं बिजली न होने से दिनचर्या भी प्रभावित रही। इस संबंध में बिजली उपमंडल भोटा के सहायक अभियंता सुभाष चंद ने कहा कि फीडर में तकनीकी खराबी के चलते इन गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार को शाम 3 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।