हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की बैठक अध्यक्ष सुलोचना देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नप की आय-व्यय का ब्योरा रखा गया। इस दौरान नप का बजट पेश किया गया। जिसमें वर्ष 2017-18 की आय 9,87,18477 रुपये, जबकि वर्ष 2018-19 की आय 10,78,75481 होने का अनुमान है। जबकि वर्ष 2018-19 में बकाया 2,6816850 रुपये होने का अनुमान है। इस कारण नप की कुल आय वर्ष 2018-19 में 13,46,92331 रुपयेे होने का अनुमान है। नप की आय में 1,19,69,526 रुपये वृद्धि होने की संभावना है।
नगर परिषद हमीरपुर की आमदन सवा करोड़ रुपये बढ़ने का अनुमान है। वहीं नप का कुल खर्चा वर्ष 2018-19 में 107749355 रुपये होने का अनुमान है। बजट में शहर में कुछ नई सोलर लाइटें लगाने का प्रावधान भी किया गया है। इसके साथ ही पार्किंग का विकास, चौकों की सुंदरता, गलियों में टाइलें, नप क्षेत्र में गोसदन के निर्माण, एनयूएलएम के तहत शहरी गरीबों के लिए रात आश्रय का निर्माण आदि करने का प्रस्ताव भी बजट में पारित किया गया।
पूरे शहर में 2900 सोलर लाइटें लगाई गई हैं। जिनकी मरम्मत के लिए बिजली बोर्ड का ठेकेदार हर माह 2.20 लाख रुपये वसूल कर रहा है। जबकि नप दो लाइनमैन का वेतन भी खुद देती है। ठेकेदार द्वारा नप क्षेत्र में लगाई जाने वाली अन्य लाइटों की डिलीवरी भी नहीं की जा रही है। इस कारण नप की बैठक में प्रस्ताव पारित कर ठेकेदार को 15 दिन के भीतर लाइटें भेजने का अल्टीमेटम दिया गया। अगर ठेकेदार लाइटें नहीं भेजता है तो नप खुद के खर्चे पर लाइटें लगाएगी और ठेकेदार को अन्य लाइटों का भुगतान भी नहीं किया जाएगा। इसके अलावा बैठक में 16 घर के नक्शे पास किए गए, पांच विधवाओं को पेंशन लगाने की सिफारिश की गई, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 49 परिवारों को मिली राशि का भुगतान जल्द करने, लोनिवि के अंडर आने वाली नप क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा नप द्वारा मेडिकल कॉलेज को बेचे गए 58 प्लाटों से मिलने वाली धनराशि से इतने ही नए प्लाटों के निर्माण के लिए जरूरी भूमि खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में नप के ईओ विनोद कुमार शर्मा, नप उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज, पार्षद अश्वनी कुमार सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद मौूजद रहे।