जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत जाहू को पूरी तरह से स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों को गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों और अन्य लोगों से एक हजार रुपये जुर्माना वसूलने के आदेश दिए हैं। जाहू को स्वच्छ बनाने के लिए स्वच्छ भारत अभियान के तहत हर रोज कोई न कोई नया कार्य किया जा रहा है। विकास खंड अधिकारी भोरंज कीर्ति चंदेल ने पंचायत को आदेश दिए हैं कि जगह-जगह पोस्टर लगाकर जाहू के दुकानदारों और अन्य लोगों को सफाई व्यवस्था बनाने के लिए जागरूक किया जाए।
इसके लिए विकास खंड कार्यालय से जाहू पंचायत के पदाधिकारियों को पोस्टर बनाकर भेज दिए गए हैं। बीडीओ ने एक दिन में हर चौराहे और बाजार में इन पोस्टरों को लगाने के निर्देश दिए हैं। पोस्टर में दुकानदारों और लोगों से आह्वान किया गया है कि जाहू में पैट्रोल पंप के पास डंपिंग साइट का निर्माण किया गया है और कूड़े-कचरे को डंपिंग साइट में ही डालें। अगर किसी दुकानदार की दुकान और लोगों के घर के पास खुले में कूड़ा पाया जाता है तो उसके विरुद्ध पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई कर एक हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त जाहू की सीर खड्ड में फैले प्लास्टिक को भी एक जगह इकट्ठा किया गया और जेसीबी से गड्ढा खोदकर प्लास्टिक को दवा दिया गया। बीडीओ भोरंज कीर्ति चंदेल का कहना है कि जाहू को शीघ्र ही पूरी तरह स्वच्छ बना दिया जाएगा। उपायुक्त के आदेशों के अनुसार जाहू में डंपिंग साइट का निर्माण कर दिया गया है। पोस्टर लगाकर लोगों से कूड़ा खुले में न फेंकने और डंपिंग साइट में जाकर ही कूड़ा फेंकने की अपील की गई है।