अवाहदेवी(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे में रविवार को दो घंटे जाम लगे रहने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार को मकर संक्रांति के दिन कस्बा में मेले का आयोजन किया गया था। इस मेले के दौरान बाहर से आए व्यापारियों ने अवाहदेवी-पट्टा सड़क किनारे अपनी दुकानें लगा रखी थीं। वहीं मेले में खरीदारी करने आए लोग भी इन दुकानों के आगे बैठकर मोल भाव करने लगे। सड़क का कुछ हिस्सा पहले ही दुकानदारों ने घेर लिया था, वहीं दुकानों के आगे बैठे ग्राहकों के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। मेले में भीड़ होने के कारण दो घंटे तक वाहन फंसे रहे और अवाहदेवी कस्बा में जाम लगा रहा।
इस जाम के कारण अपने गंतव्य को जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। दो घंटे तक लगे जाम की स्थिति से निपटने के लिए अवाहदेवी पुलिस भी नाकाम रही। मेले में सैकड़ों लोग आए हुए थे। सड़क पर कुछेक वाहनों के फंसने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कस्बा के बाईपास मार्ग का मरम्मत कार्य चला हुआ है। बाईपास को यातायात के लिए बंद कर रखा गया है। इस कारण कस्बा में जाम की स्थिति उत्पन्न हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में अवाहदेवी पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि जाम की स्थिति से निपटने के लिए आधा दर्जन कर्मचारी तैनात किए गए थे। बाईपास के बंद रहने के कारण समस्या ज्यादा हुई।