बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत बिझड़ी-घोड़धवीरी सड़क किनारे ऑफ रोड सेफ्टी बैरियर (रेलिंग) न होने के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। सड़क के संकीर्ण होने व तीखे मोड़ होने के कारण यहां हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। इस सड़क पर बुढ़ान गांव के पास सड़क के किनारे रेलिंग न होने से चार सड़क हादसे हो चुके हैं। तीन वर्ष पहले एक गाड़ी सड़क से लुढ़क गई थी जिसमें दो महिलाओ की मृत्यु हो गई थी। वहीं सड़क से ट्रैक्टर के लुढ़कने से चालक की मौत हुई थी।
इसी प्रकार अन्य हादसों में भी लोगों को जान माल से हाथ धोना पड़ा था। लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को समस्या बारे अवगत करवाया गया है लेकिन विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। इसी सड़क पर समैला मोड़ से 200 मीटर पीछे दो जगह गहरी खाई बनी हुई है। वहां भी कई हादसे हो चुके हैं। पिछले साल एक कार इस जगह रेलिंग न होने के कारण खाई में गिर गई थी। जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। विभाग हादसों के बावजूद सबक नहीं ले रहा है। लोगों में राजेश कुमार, अशोक कुमार, संजीव कुमार, सुमित कुमार, अजय शर्मा, संजीव शर्मा, राकेश शर्मा, वार्ड पंच कौशल्या देवी, हरनाम सिंह, सुरेंद्र शर्मा, लक्की, कुलदीप ठाकुर, अशोक ढटवालिया आदि का कहना है कि पचास वर्ष पूर्व बने इस मार्ग पर टारिंग करने के अलावा और कुछ नहीं किया गया है। लोगों ने सरकार व लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बिझड़ी-घोड़धबीरी सड़क के किनारे रेलिंग लगाई जाए व सड़क का विस्तारीकरण किया जाए। उधर, लोनिवि के एसडीओ अरविंद लखनपाल का कहना है कि रेलिंग लगाने के लिए बजट का एस्टीमेट उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। बजट होने के बाद रेलिंग लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।