जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत कोट से जाहू वाया मुंडखर-तुलसी सड़क पर पिछले 40 वर्षों से चला आ रहा भूमि विवाद समाप्त होने के बाद अब वाहनों की आवाजाही आसान हो गई है।
मुंडखर-तुलसी गांव के पास सड़क के दो विवादित हिस्सों में करीब 400 मीटर तक सीमेंट के पेवर ब्लॉक बिछाकर सड़क को पक्का कर दिया गया है। करीब सात लाख रुपये की लागत से हुए इस कार्य से ग्रामीणों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
दो विधानसभा क्षेत्रों भोरंज और घुमारवीं को जोड़ने वाली करीब आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क का जाहू से मुंडखर-तुलसी गांव तक लगभग पांच किलोमीटर हिस्सा लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज के जाहू अनुभाग के अधीन आता है।
मुंडखर-तुलसी गांव के पास करीब 100 मीटर और 300 मीटर के दो हिस्सों में भूमि विवाद के चलते सड़क पिछले चार दशकों से कच्ची पड़ी थी। यहां उखड़े पत्थरों और गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।
लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद सुलझने के बाद लोक निर्माण विभाग ने दोनों हिस्सों में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। इसके अलावा सड़क के अन्य खराब हिस्सों पर पैचवर्क भी करवाया गया है।
सड़क की हालत सुधरने से अब वाहन चालक सीधे जाहू बाईपास पहुंच रहे हैं। इससे मुंडखर-सुलगवान होकर जाने की मजबूरी खत्म हो गई है और करीब चार किलोमीटर का अतिरिक्त सफर भी बच रहा है।
बॉक्स
ग्रामीणों ने बस सेवा शुरू करने की उठाई मांग
मुंडखर पंचायत की प्रधान रिंतला देवी सहित ग्रामीणों रवि चौधरी, पृथी सिंह, विनोद कुमार, अवतार सिंह, हेमराज, कर्मचंद, मनसुख शर्मा, लाल बहादुर आदि ने सड़क को पक्का करवाने के लिए विधायक सुरेश कुमार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने इस मार्ग पर जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है।
कोट
भूमि विवाद समाप्त होने के बाद सड़क के करीब 400 मीटर हिस्से में सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं। सड़क के खराब हिस्सों को भी बेहतर बनाया है।
-प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, भरेड़ी