हमीरपुर। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव-2019 के सफल संचालन के लिए हमीरपुर, भोरंज, नादौन, बड़सर और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी उपमंडल मुख्यालय पर मंगलवार को निर्वाचन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। हमीरपुर विस क्षेत्र के सभी पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों के लिए द्वितीय पूर्वाभ्यास के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राजकीय बहु तकनीकी संस्थान हमीरपुर में किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) शशिपाल नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचन और मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जिलास्तर के मुख्य प्रशिक्षक विजय चौहान ने सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
दूसरे सत्र में 15 चिह्नित इंजीनियरों की ओर से अधिकारियों को ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन के बारे में संपूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान अधिकारियों से मॉक पोल, एएसडी, टेंडर वोट, चुनौती मतपत्र, मतदान प्रक्रिया में हाल ही में हुए परिवर्तनों सहित निर्वाचन प्रपत्र भरने आदि विभिन्न विषयों पर विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 114 मतदान दलों के लगभग 456 अधिकारियों, 12 सेक्टर अधिकारियों और 19 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन प्रताप सिंह ठाकुर, नोडल अधिकारी गोपाल चौहान, अरुण कातना, अशोक शर्मा व राजेश शर्मा भी उपस्थित रहे। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की सुविधा के लिए प्रशिक्षण स्थल पर एक डाक मत पत्र मतदान सुविधा केंद्र भी स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का तृतीय चरण आगामी 16 मई 2019 को आयोजित किया जाएगा। वहीं, नादौन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पीआरओ, एपीआरओ और पीओ को मतदान के लिए द्वितीय रिहर्सल सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम दिले राम धीमान तथा निर्वाचन कानूनगो जसविंद्र सिंह की अध्यक्षता में राम लीला मैदान नजदीक नादौन में करवाई गई।