हमीरपुर। सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने समस्त जिले में पीलिया सहित अन्य जलजनित रोगों से बचाव के लिए जारी एडवाइजरी के माध्यम से सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को गर्मी के मौसम में इन रोगों के बचाव के लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश जारी किए हैं। सभी खंडों व स्वास्थ्य संस्थानों में रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है। जो किसी भी बीमारी या महामारी की स्थिति में सभी आवश्यक दवाइयों और सामग्री सहित 24 घंटे तैयार हैं। बड़सर के बिझड़ क्षेत्र में जहां पीलिया रोग के मरीज पाए गए है वहां एहतियात के पूरे प्रबंध किए गए हैं।
क्षेत्र में पानी के सैंपल भरवाए गए हैं। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में सोलह सदस्यों की टीमों का गठन किया गया है जो घर-घर लोगों से संपर्क कर रही हैं। सीएमओ ने कहा कि पूरे क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें हर रोज स्कूलों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता बैठकें की जा रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. सुनील वर्मा और जिला जनशिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला को भी पूरे क्षेत्र में निरंतर बचाव एवं उपचार और आईईसी कार्यक्रम करने व क्षेत्र में निरंतर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।