हमीरपुर। जिला हमीरपुर के दो विधानसभा क्षेत्रों बड़सर और नादौन में दो नये हेलीपैड बनेंगे। जिला प्रशासन ने दोनों उपमंडलों के एसडीएम को इस बारे में पूर्व में जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। बड़सर विस क्षेत्र के गांव समोह और नादौन के कलूर में हेलीपैड के लिए जमीन चिह्नित की गई है। इन दोनों जगहों पर पर्याप्त मात्रा में हेलीपैड के लिए जमीन उपलब्ध है। साथ ही वन भूमि से एनओसी संबंधित कोई अड़चन भी नहीं आएगी। जिसके बाद एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है।
वहीं, अब यह रिपोर्ट शिमला से नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन विकास मंत्रालय को भेज दी गई है। मंत्रालय से जमीन का निरीक्षण और बजट की स्वीकृति मिलते ही नए हेलीपैड का निर्माण कार्य शुरू होगा। चुनावों के दौरान इन दोनों विस क्षेत्रों में कई वीवीआईपी मूवमेंट रहती हैं। पूर्व के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान कई बार राष्ट्रीय स्तर के नेता चुनावी रैलियों को संबोधित कर चुके हैं। चौपर की लैडिंग के दौरान कई बार समस्याएं पेश आती हैं। नादौन में अमतर के खेल मैदान में चौपर की आमतौर पर लैंडिंग होती है। लेकिन, अब नए हेलीपैड के निर्माण से इस तरह की समस्याएं नहीं रहेंगी। उधर, एसडीएम नादौन दिलेराम धीमान ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के कलूर में हेलीपैड के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। वहीं, एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा ने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के गांव समोह में हेलीपैड के लिए जगह चिह्नित कर फाइल उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
--