हमीरपुर। जेओए पोस्ट कोड-556 के अंतिम नतीजे में हो रही देरी के चलते भारी बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच अभ्यर्थी वीरवार को छाते लेकर हड़ताल पर बैठने को मजबूर हैं। एसएससी कार्यालय के बाहर लगाए गए टेंट में बारिश का पानी घुसने के बावजूद अभ्यर्थी छाते लेकर हड़ताल पर डटे रहे लेकिन, न तो जिला प्रशासन और न ही सरकार के किसी नुमाइंदे ने इन अभ्यर्थियों की खबर ली। हालांकि, कर्मचारी चयन आयोग की ओर से उक्त मुद्दे पर मांगा गया स्पष्टीकरण कार्मिक विभाग से आयोग को संप्रेषित हो गया है।
चमन आयोग उक्त भर्ती के लिए कार्मिक विभाग के प्रति उत्तर का लंबे समय से इंतजार कर रहा था। आयोग की बीते नौ माह से अंतिम परिणाम को निकालने की कोशिश अभी तक भी सिरे चढ़ नहीं पाई है। हालांकि, आयोग के सचिव ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया है कि प्रति उत्तर मिलने के पश्चात अंतिम नतीजे की उद्घोषणा में 8 से 10 दिन और लगेंगे। बेरोजगार अभ्यर्थियों ने कड़ी आपत्ति जाहिर करते हुए कहा है कि कार्मिक विभाग से प्रतिउत्तर मिलते ही आयोग अंतिम परिणाम को 2-3 दिन में घोषित करे। बेरोजगार अभ्यर्थियों में निशांत, सुशील चंद, अजय, अजय शर्मा, अमित चंदेल, अनुज, विवेक, अंकुश ने अंतिम नतीजे को शीघ्र-अतिशीघ्र जारी करने की मांग की है।