हमीरपुर। एक्टिव केस फाइंडिंग (एसीएफ) अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने जिला के छह नए टीबी रोगी पहचाने हैं। यह अभियान 15 जनवरी तक चलेगा। पहली से 15 जनवरी तक एसीएफ अभियान का दूसरा चरण है। इससे पूर्व सितंबर माह में भी इस अभियान के तहत करीब एक दर्जन टीबी रोगियों को पहचाना गया है। दूसरे चरण में रविवार तक विभाग ने जिला के सभी तहसीलों के 489 लोगों के बलगम की जांच की है। इनमें से छह लोग टीबी पॉजीटिव पाए गए हैं। विभाग ने इन रोगियों की पहचान कर इनका ट्रीटमेंट शुरू कर दिया है। इसके अलावा जिला टीबी नियंत्रक ऑफिसर भी खुद जाकर संदिग्ध लोगों के बलगम के सैंपल ले रहे हैं। इसके तहत जिला के स्थायी निवासियों के साथ-साथ झुग्गियों में रहने वाले प्रवासियों के बलगम की जांच भी की जा रही है।
विभाग ने अभियान के तहत तहसील गलोड़ के 108 लोगों का बलगम जांचा है। वहीं नादौन में 17, सुजानपुर में 39, भोरंज में 171, टौणी देवी में 64 और बड़सर में 90 लोगों के बलगम की जांच रविवार तक की है। इसके तहत भोरंज में दो, टौणी देवी में तीन और बड़सर में एक नया मरीज टीबी का निकला है। जिला टीबी नियंत्रक अधिकारी डॉ. अजय अत्री का कहना है कि एसीएफ अभियान के तहत विभाग की टीमें जिला भर के संदिग्ध लोगों के बलगम के सैंपल घर-घर जाकर ले रही हैं। रविवार तक विभाग ने छह टीबी रोगियों की पहचान की है। जिनका उपचार शुरू कर दिया गया है।