हमीरपुर। एससी/एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटकर मूल स्वरूप करने और आरक्षण के विरोध में जिला के स्वर्ण संगठनों की बैठक पांडवीं में हुई। इस दौरान आगामी रणनीति बनाई गई। आरक्षण को लेकर सरकार के खिलाफ अनारक्षित वर्ग का विरोध होना शुरू हो गया है। एससी एसटी एक्ट के लिए केंद्र सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरुद्ध अध्यादेश लाने के विरोध में स्वर्ण संगठनों ने रविवार को पांडवी में आगामी रणनीति तैयार की। ब्राह्मण, खत्री एवं राजपूत सभाओं के करीब 150 सदस्यों ने बैठक में भाग लेकर इसके खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान प्रकाश ठाकुर, पीसी वर्मा, अविनाश अबू, आरआर शर्मा, कमल लखनपाल ने कहा कि अब अन्याय सहन नहीं होगा।
प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर लोगों को जागरूक करने के लिए जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। पीसी वर्मा ने कहा कि आरक्षण और एससी एसटी एक्ट देश को बांटने वाले हैं। उन्होंने एससी एसटी एक्ट को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को सही बताया है और सरकार के इसमें बदलाव को गलत ठहराया। एडवोकेट सुशील शर्मा ने कहा कि आरक्षण के नाम पर देश को वर्गों में बांटना ठीक नहीं है। अगर इस व्यवस्था को शीघ्र न बदला गया तो देश कमजोर होगा व प्रतिभाओं को सही सम्मान नहीं मिलेगा।