शहरवासियों को मिलेगा स्वच्छ पानी
मटमैले पानी की समस्या हल होगी
64 करोड़ रुपये से बनने वाली पेयजल योजना का 80 फीसदी कार्य पूरा
पलाही पंपहाउस में मोटरें स्थापित करने का काम शुरू, जल्द शुरू होगी योजना
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। शहरवासियों को जल्द ही मटमैले पानी की समस्या से छुटकारा मिलने की आस जगी है। शहर के लिए 64 करोड़ रुपये से बनने वाली पेजयल योजना का 80 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। बाकी बचे कार्य को जल्द विभाग पूरा करेगा। वर्तमान में पलाही पंप हाउस में मोटरों को स्थापित करने का कार्य चला हुआ है। योजना शुरू होने से शहरवासियों को जल्द स्वच्छ पानी की सप्लाई होगी। विभाग ने योजना को शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य छेड़ा हुआ है।
जिला मुख्यालय में पानी की समस्या को देखते हुए इस योजना का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना के बनने से लोगों को पानी की समस्या भी नहीं रहेगी। योजना का केवल 20 फीसदी कार्य बचा हुआ है। वर्तमान में जिला मुख्यालय में मटमैले पानी की सप्लाई हो रही है। योजना के तहत बने 12 पेयजल टैंकों में पेयजल पाइपें जोड़ने का कार्य भी चला हुआ है। इस संबंध में आईपीएच मंडल हमीरपुर के अधिशासी अभियंता नीरज भोगल ने कहा कि 64 करोड़ रुपये से बनने वाली योजना का 80 फीसदी कार्य पूरा हो गया हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस योजना को शुरू कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।