हमीरपुर। जिले में टीबी मुक्त अभियान के तहत एक्टिव केस फाइंडिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने टीबी के 14 नए मरीजों की पहचान की है। इन 14 मरीजों की पहचान विभाग के एसीएफ अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने घर-घर जाकर किए सर्वे में की है। एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के दौरान विभाग की टीम ने टीबी की आशंका वाले क्षेत्र से लोगों की पहचान कर उनके बलगम के सैंपल लिए और उनकी जांच की। विभाग की ओर से लिए गए सैंपल में से 14 नए मरीज सामने आए हैं। विभाग ने इनकी पहचान कर इनका उपचार शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने बीते 16 अगस्त से तीन सितंबर तक एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया। जिसमें टीबी के इन नए रोगियों की पहचान हुई है।
विभाग की टीम में आशा वर्करों और हेल्थ वर्करों ने अपने-अपने क्षेत्र में जाकर टीबी के लक्षणों से पीड़ित लोगों के बलगम के नमूने लिए और जांच के लिए भेजे। जांच के बाद स्वास्थ्य खंड सुजानपुर से सबसे ज्यादा पांच मरीज सामने आए हैं। जबकि स्वास्थ्य खंड भोरंज से चार, नादौन से तीन और गलोड़ व बड़सर से एक-एक मरीज की पहचान की गई है। इन मरीजों की पहचान करने के बाद अब विभाग ने इनका सुचारु उपचार शुरू कर दिया है। जिला टीबी नियंत्रक अधिकारी डा. अजय कुमार अत्री ने कहा कि एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के तहत जिले में 14 नए टीबी के मरीज निकले हैं। जिनका उपचार शुरू कर दिया गया है।