बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत सोहारी कस्बे के पास वीरवार दोपहर बाद आए तूफान के कारण अचानक चीड़ का पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे बिझड़ी-सलौणी सड़क दो घंटे के लिए अवरुद्ध हो गई। स्थानीय लोगों ने इस बारे लोक निर्माण विभाग को सूचित किया। इसके बाद विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को वहां से हटाया गया और मार्ग को चालू करवाया गया। चीड़ के पेड़ के गिर जाने से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अगर यह पेड़ किसी वाहन पर गिर जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
उपमंडल बड़सर की सड़कों के किनारे झुके चीड़ के पेड़ हादसे को न्योता दे रहे है। कई ऐसे पेड़ हैं, जिनकी जड़े ल्हासे गिर जाने से एक तरफ से पूर्ण रूप से खोखली हो चुकी हैं। इसके चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा पेश आ सकता है। इससे पहले पेड़ों के गिरने के कारण कई लोग घायल हो चुके हैं और संपत्ति का भी नुकसान हो चुका है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बड़सर के सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल ने कहा कि सूचना मिलते ही कर्मचारियों को चीड़ के पेड़ को हटाने के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा कि पेड़ को हटा दिया गया है और वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।