जाहू(हमीरपुर)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला खतरवाड़ में बच्चे और शिक्षक एक साथ अपना जन्म दिवस स्कूल स्तर पर मनाएंगे। बच्चों में संपूर्ण स्वच्छता के साथ पर्यावरण संतुलन की भावना पैदा करने के लिए स्कूल स्तर पर ही जन्म दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूल परिसर की क्यारियों के साथ परिसर को साफ सुथरा बनाया जाएगा और संपूर्ण स्वच्छता अभियान को सफल बनाकर ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा।
पर्यावरण संतुलन के लिए अपने-अपने जन्म दिवस पर बच्चे और शिक्षक पौधरोपण करेंगे। इसकी शुरूआत आठवीं कक्षा की छात्रा अंशिता के जन्म दिवस पर की गई। शनिवार को अंशिता का जन्म दिवस मनाया गया। इस दौरान स्कूल के प्रशिक्षित कला स्नातक शिक्षक पवन रांगड़ा ने कहा कि बच्चों में नैतिक मूल्य पैदा करने के साथ स्कूल के प्रति अपनापन पैदा करने के उद्देश्य से जन्म दिवस मनाने की पहल की गई है।