जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की पंचायत के एक गांव में ग्रामीण द्वारा कुएं का रास्ता बंद करने पर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ग्राम पंचायत से की है। पंचायत ने शिकायत पुलिस थाना भोरंज में स्थानांतरित कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से कुएं का रास्ता जो लगभग 100 वर्षों से भी अधिक चलता आ रहा था, उसे गांव के ही एक व्यक्ति ने 13 अप्रैल को बंद कर दिया।
इससे ग्रामीणों को कुएं से पानी लाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में रोष है कि पानी भी अब दूसरे तीसरे दिन आ रहा है और उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उधर पंचायत प्रतिनिधि का कहना है कि शिकायत का पंचायत में समाधान नहीं हुआ। इसलिए इसे भोरंज पुलिस थाना में स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं भोरंज थाना प्रभारी राजीव लखनपाल का कहना है कि शिकायत आई है, जांच करने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।