हमीरपुर। भाजपा के पक्ष में आए एग्जिट पोल से जिला हमीरपुर के भाजपाइयों की बांछें खिल गई हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश की जनता की जीत बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान समीरपुर में दिनभर बधाइयां देने वालों का तांता लगा रहा। जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। एग्जिट पोल भी बीजेपी के पक्ष में आ रहे हैं। इससे साबित है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के कारण युवा और महिला वर्ग से लेकर समाज का हर तबका परेशान रहा है। कांग्रेस ने सत्ता में आने से पूर्व बेरोजगारी भत्ता समेत कई वायदे किए, जो मात्र कोरे साबित हुए हैं।
अनिल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, खनन माफिया, वन, ड्रग्स और भू माफिया का ही बोलबाला रहा है। प्रदेश में विकास के बजाय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके मंत्री सरकार को बचाने में ही पांच साल निकाल गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही विकास को गति प्रदान करेगी। बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे और प्रदेश में सुशासन की इबारत लिखी जाएगी।
वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं एपीएमसी के चेयरमैन प्रेम कौशल ने कहा कि एग्जिट पोल झूठ का पुलिंदा साबित होगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में विकास की एक नई इबारत लिखी गई है। प्रदेश में तीन मेडिकल कॉलेज समेत दर्जनों स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं। कई स्कूलों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्तरोन्नत किया गया है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार पर विश्वास जताते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। जिसका फैसला आने वाले 18 दिसंबर को हो जाएगा।