उपमंडल बड़सर के पथलियार के सिंघमी में बनाया पेयजल टैंक। स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : credit
बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के 294 गांवों की पेयजल समस्या दूर करने के लिए 137 करोड़ रुपये की संवर्धन पेयजल योजना को 31 मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना से क्षेत्र की 48 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा।
इसके तहत गोबिंद सागर झील से पानी उठाकर बड़सर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जाएगा। योजना के तहत पानी के भंडारण और वितरण के लिए सभी 31 टैंकों का निर्माण पूरा हो चुका है।
पथलियार के सिंघमी में भी दस-दस लाख लीटर क्षमता वाले चार टैंक तैयार किए गए हैं। झील के दायें किनारे जयश्री गांव के पास पानी उठाने की व्यवस्था की गई है।
योजना से प्रतिदिन अतिरिक्त 1.55 करोड़ लीटर पानी उपलब्ध करवाने का लक्ष्य है, जिससे गर्मियों में पेयजल संकट से जूझने वाले गांवों को राहत मिलेगी।
योजना को शुरू करने के लिए मुख्य व वितरण पाइपलाइन बिछाने और पंपिंग मशीनें स्थापित करने का कार्य भी किया जाना है। बिजली संबंधी कार्यों के लिए बिलासपुर बिजली बोर्ड को 10 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
विभाग को दिसंबर 2026 तक कार्य पूरा कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए आधुनिक प्रयोगशाला की सुविधा भी प्रस्तावित है।
कोट:
योजना का उद्घाटन 31 मार्च 2027 तक करवाने का लक्ष्य है। सभी 31 टैंकों का निर्माण पूरा हो चुका है। बिजली बोर्ड को आवश्यक राशि जारी कर दी है और उसके कार्य पूरे होने के बाद योजना को शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। योजना से बड़सर क्षेत्र के 294 गांवों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है।
-नीरज भोगल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग हमीरपुर